March 29, 2024

इंदौर। नगर निगम चुनाव में भाजपा- कांग्रेस ने भले ही महापौर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, लेकिन पार्षदी के उम्मीदवार तय करने में पसीने छूट रहे हैं। कांग्रेस में अब तक 60 घंटे की तो भाजपा में 23 घंटों की बैठक हो चुकी है, नतीजा सिफर।

18 साल बाद साढ़े 8 घंटे भाजपा कार्यालय में डटे रहे विजयवर्गीय

पार्षद प्रत्याशी को लेकर भाजपा में भारी घमासान है। 2004 के बाद पहली बार राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय 8.5 घंटे कार्यालय में डटे रहे। कई वार्डों में नेताओं के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। इससे गुरुवार को भी सूची जारी नहीं हो पाई। देर रात तक कार्यालय पर भारी भीड़ रही।

किन वार्डों में हैं घमासान

वार्ड 58 से बबली ठाकुर का नाम विजयवर्गीय ने रखा तो मंत्री ठाकुर नाराज हो बाहर निकल गईं। वे राजू चौहान को टिकट दिलाना चाहती थीं।
वार्ड 64 से सिंधिया गुट से पवन जायसवाल का नाम था, विजयवर्गीय ने मनीष मामा का नाम रखा।
वार्ड 61 में दिनेश वर्मा की पत्नी भावना चौधरी और कमल वर्मा की बेटी को लेकर टसल चल रही है।
वार्ड 57 में वीरेंद्र यादव विजयवर्गीय की पसंद हैं, महाजन सुरेश साकलकर के लिए अड़ी हैं।
वार्ड 65, 66, 83, 84 में गौड़ और लालवानी के बीच नामों को लेकर सहमति नहीं बन पाई। 35 वार्डों में नेताओं ने ही बढ़ाई उलझन

मालिनी गौड़ और लालवानी में चल रही टसल

भाजपा में 12 जून से बैठकें हो रही हैं। 35 वार्डों में अब भी विवाद है। वार्ड 82 से लालवानी ने सतीश शर्मा का नाम रखा तो मालिनी की पसंद अजय बड़जात्या थे। वार्ड 85 में गौड़ समर्थक शानू शर्मा, राकेश जैन के नाम हैं। सांसद ने दूसरे नाम दिए हैं। वार्ड 70 में मोघे भारत पारख तो गौड़ प्रीतम लूथरा के पक्ष में हैं। वार्ड 81 में बबलू शर्मा व बलराम वर्मा में होड़ है। देर रात तक 50 प्रत्याशी तय हुए।

कांग्रेस: 55 वार्डों में सिंगल नाम, 30 में विवाद

कांग्रेस में गुरुवार को प्रभारी विजयलक्ष्मी साधौ की मौजूदगी में नेताओं के बीच विवाद के चलते सूची रोकना पड़ी। 30 वार्डों में घमासान है। युवक कांग्रेसी 3 टिकट पर अड़े हैं। इसके लिए साधौ जिस होटल में रुकी थीं, उसके बाहर धरना तक दे दिया। साधौ ने कमलनाथ से शिकायत की है।

विवाद से पार्टी छोड़ दी

वार्ड-19 में राजू जायसवाल पर कई नेता सहमत थे, चिंटू चौकसे राजा पटेल के पक्ष में थे। जायसवाल ने भाजपा का दामन थाम लिया।
सादिक खान व अनवर दस्तक की जगह नेताओं ने नए को मौका देने की बात भी कही।
वार्ड-55 में अश्विन जोशी मुकेश जैन की पत्नी, विनय बाकलीवाल शैलू सेन की पत्नी व पिंटू जोशी अखिलेश जैन की पत्नी के लिए टिकट मांग रहे हैं।
वार्ड-42 में किरण जिरेती के साथ चेतना जोशी का नाम भी आया। {क्षेत्र-1 में टिकट महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला की पसंद के होंगे।

दिग्विजय की सूची पर भी हुई चर्चा

अश्विन जोशी, सुरजीतसिंह चड्ढा, चिंटू चौकसे ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को समर्थकों की सूची सौंपी थी। सिंह ने इसे कमलनाथ को भेजा था। गुरुवार की बैठक में इनके नामों पर भी चर्चा हुई। उधर, क्षेत्र 5 के वार्डों में स्वप्निल कोठारी द्वारा समन्वय बनाने की बात सामने आई। क्षेत्र-2 में चिंटू चौकसे, राजेश चौकसे ने नाम दिए। इंदौर-4 में सुरजीतसिंह चड्ढा व गोलू अग्निहोत्री समर्थकों के लिए अड़े रहे।