April 23, 2024

उज्जैन। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस-भाजपा सिर्फ महापौर प्रत्याशियों की घोषणा कर पाई है। 54 वार्डो में पार्षद प्रत्याशियों की अब तक स्थिति साफ नहीं हो पाई है। नामांकन भरने के 2 दिन शेष बचे है। संभावना है कि आज दोपहर तक दोनों पार्टी अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है।
कांग्रेस ने सबसे पहले महापौर के लिये महेश परमार को प्रत्याशी घोषित कर दिया था। भाजपा को चार दिनों तक काफी मंथन करना पड़ा और मंगलवार को महापौर के लिये मुकेश टटवाल का नाम घोषित किया गया। दोनों पार्टी के महापौर प्रत्याशियों की स्थिति साफ होने के बाद अब 54 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों पर कशमकश बनी हुई है। बुधवार को भाजपा नेताओं की इंदौररोड की 2 होटलों में देर शाम तक बैठक चलती रही, कुछ नामों पर सहमति बनी तो कुछ पर पेंच फंसकर रह गया। कांग्रेस भी अपने कई प्रत्याशियों का चयन कर चुकी है, लेकिन कुछ वार्डो में नामों को लेकर उलझी हुई है। जिसके चलते पार्षद प्रत्याशियों की अधिकृत घोषणा नहीं हो पाई है। इस बीच नामांकन भरने की तिथि के 2 दिन शेष बचे है। निर्वाचन कार्यालय पर पूरी तैयारी है। निर्वाचन फार्म जमा करने के लिये पहली टेबल पर वार्ड 1 से 11, दूसरी टेबल पर वार्ड 12 से 22, तीसरी पर 23 से 33, चौथी पर 34 से 44 और पांचवी पर 45 से 54 वार्ड के प्रत्याशियों के नामांकन जमा होंगे। मंगलवार तक एक भी नामांकन जमा नहीं हो पाया था।