April 24, 2024

इंदौर में लड़कियां बोलीं- एक ट्रिप के देते हैं दो लाख रुपए, विदेश की सैर भी करवाई

ब्रह्मास्त्र इंदौर। इटारसी से 100 करोड़ रुपए की हेरोइन के साथ पकड़ाई मिजोरम की लड़कियों ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। लड़कियों ने जिम्बाब्वे के रास्ते ड्रग्स लाने की बात कबूल करते हुए तस्करी के पूरे नेटवर्क और उसके ऑपरेशंस को लेकर कई अहम जानकारियां दी हैं। इन लड़कियों को इंदौर नारकोटिक्स टीम ने गुरुवार को गिरफ्तार किया था।
लड़कियों ने बताया कि कूरियर गर्ल के तौर पर इस्तेमाल करने से पहले उन्हें न सिर्फ ट्रेनिंग दी गई थी, बल्कि करोड़ों रुपए की ड्रग्स सौंपने के पहले इन्हें 15 दिन के लिए विदेश की सैर भी कराई गई थी। पकड़ी गई सभी लड़कियां केवल आठवीं पास हैं और गरीब परिवारों से आती हैं।

भारत लाईं 100 करोड़ की ड्रग्स

एनसीबी द्वारा बताया कि 15 दिन पहले मिजोरम में रहने वाली तीनों लड़कियों लालम जोनी, लाल वेंनहिनी और रामसंग दुई बेंगलुरु से जिम्बाब्वे पहुंची थीं। गिरोह के एजेंट ने उनके लिए एक होटल में कमरे बुक कराए थे। 15 दिन घूमने के बाद जब लड़कियां वापस भारत लौट रही थीं, तब उन्हें तीन सूटकेस दिए गए। तीनों सूटकेस में 7-7 किलो हेरोइन रखी हुई थी।
तीनों कूरियर गर्ल फ्लाइट से दुबई होते हुए बेंगलुरु पहुंचीं। यहां से तीनों को दिल्ली जाना था। तीनों राजधानी एक्सप्रेस से बेंगलुरु से दिल्ली के लिए निकली। लेकिन रास्ते में भोपाल में हो रही चैकिंग की सूचना मिलने पर वो इटारसी उतर गईं।

होटल के कमरे से गिरफ्तार

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इटारसी रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में छापा मारकर तीनों लड़कियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनके 3 सूटकेसों से करीब 21 किलो एमडी और हेरोइन जब्त की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 168 करोड़ रुपए बताई जा रही है।