April 19, 2024

उज्जैन। मामूली विवाद में युवक पर लाठी से हमला कर दिया गया। गंभीर घायल युवक को जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हत्या का प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को राउंडअप कर लिया है।
घटिया थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि पान विहार चौकी के ग्राम मोतीपुरा में रहने वाला भगवान सिंह पिता देवी सिंह 26 वर्ष जंगल की ओर पैदल जा रहा था। गोकुल सिंह के घर के सामने से निकलने की बात पर मामूली विवाद हुआ। गोकुल और भगवान सिंह के बीच गाली गलौज होने पर गोकुल का परिवार भी आ गया। परिवार को देख गोकुल इतना आक्रोशित हो गया कि उसने लाठी से भगवानसिंह के सिर पर वार कर दिए। गंभीर हालत में परिजन भगवान को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटनाक्रम की जानकारी लगते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए। एक टीम ने पान बिहार में दबिश दी और गोकुल को राउंडअप कर लिया गया। हत्या का प्रकरण दर्ज कर मृतक का आज सुबह पोस्टमार्टम कराया गया है।