March 29, 2024

कमलनाथ ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के सिर डाल दी जिमेदारी, बोले -आपको कोई बताने नहीं आएगा

ब्रह्मास्त्र इंदौर। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भोपाल में एक सम्मेलन के दौरान चुनावी जीत और हार की जिम्मेदारी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर डाल दी है। यानी गेंद अब कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के हाथ में है। इसे लेकर कांग्रेसियों में सुगबुगाहट शुरू हो गई है। आपसी चर्चा में यह बात सामने आ रही है कि यदि जीते तो नेताओं ने जिताया और यदि हार गए तो उसका ठीकरा कार्यकर्ताओं के सिर फोड़ देंगे। कमलनाथ ने कहा है कि पंचायत और नगर निकाय के चुनाव हैं। इससे पूरे प्रदेश में संदेश जाएगा। यह मत भूलिए कि आपको कोई बताने नहीं आएगा कि यह करिए। यही कांग्रेस में कमी है। भारतीय जनता पार्टी का जो जमीन से जुड़ा व्यक्ति है, उसे कोई बोलने नहीं जाता कि तुम जाओ, यहां घूमो, फलां काम करो। वहीं, कांग्रेस में हम इंतजार करते हैं कि कोई आए और बोले, तभी हम जाएंगे।

कार्यकर्ता को हर मतदाता तक पहुंचना होगा

उन्होंने कहा, शादी बारात, गमी में जा रहे हैं, तो अपनी बात तो कर सकते हैं। आज हमें यह नया रवैया अपनाना होगा। हमें हर मतदाता तक पहुंचना है, तो यह जिम्मेदारी आपकी है। यह जिम्मेदारी आप निभाएंगे, तभी 2023 विधानसभा चुनाव में सफल हो जाएंगे।