March 29, 2024

नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने गुना एसपी राजीव मिश्रा पर लगाया शिकारियों को संरक्षण देने का आरोप

भोपाल। गुना के आरोन में पुलिस और शिकारियों के बीच हुई मुठभेड़ और इसके बाद हुए एनकाउंटर पर सियासी मुठभेड़ जारी है। शुरुआत में दिग्विजय सिंह को घेरकर भाजपा अब शांत है। भाजपा ने शिकारियों का राघौगढ़ किले (दिग्विजय सिंह) से कनेक्शन निकाला तो इसके पलटवार में जयवर्धन सिंह ने शिवराज सरकार के मंत्री और सिंधिया समर्थक महेंद्र सिंह सिसोदिया के फोटो जारी कर दिए। फोटोज में मंत्री के साथ एनकाउंटर में मारा गया शिकारी शहजाद खान है।
दिग्विजय के राघौगढ़ से विधायक बेटे जयवर्धन सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को टैग करते हुए प्रशासन की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा- अब तक जो कार्रवाई की है, उसकी प्रशंसा करता हूं, लेकिन आरोपियों की कॉल डिटेल निकाली जाए। काले हिरण के शिकार के बाद ये किसी की दावत का इंतजाम करते थे। 5 या 6 दिन पहले इन्होंने एक दावत सजाई थी। ( यह इशारा महेंद्र सिंह सिसोदिया की तरफ समझा जा रहा है )
नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष गोविद सिंह ने कहा कि गुना एसपी राजीव मिश्रा का भी संरक्षण शिकारियों के साथ है। उन्होंने पुलिसकर्मी हत्याकांड में गुना भाजपा जिला उपाध्यक्ष हीरेन्द्र सिंह बंटी बना, मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ अपनी ही पार्टी के दिग्विजय सिंह के फोन कॉल की डीटेल्स निकालने सहित सीएम से न्यायिक जांच की मांग कर दी।