April 24, 2024

नीमच। शहर के नीमच सिटी क्षेत्र पुरानी कचहरी परिसर में तीन दिन पहले हनुमानजी की मूर्ति स्थापना को लेकर तनाव की स्थिति बनी थी। पथराव, आगजनी, तोड़फोड़, मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने मंगलवार देर शाम को स्थापित मूर्ति को हटाकर पुरानी सिटी थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में रखवा दी। इसके विरोध में बुधवार शाम 5 बजे सर्व समाज व संगठनों ने शहर के फव्वारा चौक पर हनुमान चालीसा पाठ किया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने शुक्रवार को नीमच बंद करने की चेतावनी भी दी है। नीमच में यह मामला फिलहाल सुलझता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है।
विश्व हिंदू परिषद कार्यालय केंद्रीय विद्यालय के पास बैठक की गई। सर्व समाज जन और संगठनों ने घटना पर आक्रोश व्यक्त किया। बैठक में तय किया गया कि अब प्रशासन ही मूर्ति स्थापित करवाएगा। विहिप के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने विशेष वर्ग के दबाव में हनुमानजी की मूर्ति हटा दी। वहीं, नीमच की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने गुरुवार सुबह कलेक्टर और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को उचित कार्रवाई करने का आदेश दिया।
बुधवार को सांसद सुधीर गुप्ता नीमच पहुंचे। यहां डाक बंगले पर उन्होंने महिलाओं से मुलाकात की। सांसद ने कलेक्टर मयंक अग्रवाल और एसपी सूरज कुमार वर्मा के साथ बैठक ली। उन्होंने कहा कि जिले की वक्फ सम्पत्ति की जानकारी, स्थान और संपत्ति वक्फ को कहां से प्राप्त हुई है? इसके स्त्रोत समेत जानकारी जुटाने के निर्देश दिए।

15 हिरासत में, 50 चिह्नित

नीमच सिटी थाने में अब तक पांच मामले दर्ज हुए। एक प्रकरण पुलिस प्रशासन की तरफ से भी दर्ज करवाया। 15 लोगों को हिरासत में लिया। सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य के आधार पर 50 लोग चिह्नित किए हैं।