March 29, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। मध्यप्रदेश में लंबे समय से निकाय चुनाव अटके हैं। इंदौर, उज्जैन, भोपाल सहित प्रदेश के तमाम नगरीय निकायों में जून में चुनाव होना तय हो गया है। खुद राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह कह चुके हैं कि नगरीय निकाय चुनाव के लिए आयोग पूरी तरह तैयार है। नगरीय निकाय चुनाव कराना आज की तारीख में आसान है। आरक्षण और परिसीमन दोनों ही है। यानी 389 नगरीय निकायों के लिए चुनावी बिगुल बज चुका है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही चुनावी तैयारियां बहुत तेजी से शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि 5 फरवरी 2022 तक 352 नगरीय निकायों का कार्यकाल पूरा हो चुका है। वहीं, 19 निकायों का कार्यकाल फरवरी 2023 में खत्म होगा। इसके अलावा 15 जिलों के 37 निकाय ऐसे भी हैं, जिनका कार्यकाल अगले चार महीने में समाप्त हो जाएगा। ऐसे में राज्य निर्वाचन आयोग इन 37 निकायों का चुनाव भी जून 2022 में कराए जाने वाले चुनाव के साथ ही कराने की तैयारी कर रहा है। इनमें अनुसूचित क्षेत्र की 14 नगरपालिका परिषद और 23 नगर परिषद शामिल हैं। जिन नगर निकायों का कार्यकाल सितंबर 2022 में समाप्त हो रहा है, उनके चुनाव साथ कराए जाएंगे।