MP सरकार का बड़ा फैसला: अब महिलाएं मॉल, फैक्ट्री और प्रोडक्शन यूनिट्स में रात में भी कर सकेंगी काम

MP सरकार का बड़ा फैसला: अब महिलाएं मॉल, फैक्ट्री और प्रोडक्शन यूनिट्स में रात में भी कर सकेंगी काम

भोपाल।
मध्यप्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए रोजगार के नए दरवाजे खोलते हुए बड़ा निर्णय लिया है। अब राज्य के शॉपिंग मॉल्स, बाजार, फैक्ट्रियों और प्रोडक्शन यूनिट्स में महिलाएं रात्रिकालीन शिफ्ट में भी काम कर सकेंगी। सरकार ने इस फैसले को कुछ शर्तों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन के साथ मंजूरी दी है।

इस निर्णय के तहत अब नियोक्ता (एम्प्लॉयर) एजेंसी को महिला कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी, जिसमें सुरक्षित ट्रांसपोर्ट सुविधा, सीसीटीवी निगरानी, महिला वॉर्डन की मौजूदगी और आपातकालीन सहायता जैसे इंतज़ाम शामिल होंगे।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम

राज्य सरकार का मानना है कि इस फैसले से महिलाओं को आर्थिक प्रगति और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। वहीं, कारोबारियों और उद्योगपतियों को भी अपने प्रोडक्शन यूनिट्स और रिटेल व्यापार को 24×7 संचालित करने में मदद मिलेगी, जिससे प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

सुरक्षा होगी सर्वोच्च प्राथमिकता

शासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई नियोक्ता महिला कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करता है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस निर्णय से पहले राज्य में रात के समय महिलाओं के काम करने पर प्रतिबंध था, लेकिन अब इसे हटाकर संरक्षित रूप से कार्य की अनुमति दी गई है।

महिला कामगारों और उद्योग क्षेत्र में उत्साह

यह फैसला खासतौर पर रिटेल, टेक्सटाइल, बीपीओ, ई-कॉमर्स, और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों के लिए बेहद फायदेमंद माना जा रहा है। महिलाओं को समान अवसर देने की दिशा में यह नीति बदलाव स्वागत योग्य कदम बताया जा रहा है।

Author: Dainik Awantika