इंदौर: ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी ने खुद को मारी गोली, पारिवारिक विवाद की आशंका
इंदौर।
शहर में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पुलिसकर्मी ने ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 28 वर्षीय अनुराग भागोर के रूप में हुई है, जो द्वारिकापुरी थाना क्षेत्र में पदस्थ था।
घटना सुबह करीब 5 बजे की है, जब अनुराग ने दिग्विजय मल्टीस्टोरी बिल्डिंग स्थित एक फ्लैट में सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
साथी सिपाही की आंखों के सामने घटना
घटनास्थल पर अनुराग के साथ ड्यूटी पर तैनात सिपाही मोहित भी मौजूद था। उसने बताया कि अनुराग ड्यूटी के दौरान फोन कॉल्स रिसीव नहीं कर रहा था। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, अनुराग ने खुद को गोली मार ली।
मामले में प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अनुराग की पत्नी से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि डेढ़ साल पहले अनुराग ने लव मैरिज की थी। पत्नी रानू, धार जिले के माड़व की रहने वाली है और पिछले 7 दिनों से मायके में थी।
अलीराजपुर निवासी था अनुराग
अनुराग मूलतः अलीराजपुर का निवासी था और इससे पहले वह सर्राफा थाने में पदस्थ रह चुका है। उसके अचानक लिए गए इस कदम ने पुलिस विभाग को भी झकझोर कर रख दिया है।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पत्नी से विवाद की पुष्टि के लिए बयान दर्ज किए जा रहे हैं और कॉल रिकॉर्ड्स की भी जांच की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और ड्यूटी के दबाव जैसे गंभीर मुद्दों की ओर इशारा करती है।