उज्जैन में बोले -रविंद्र पुरी होली समय पर खेलेंगे, नमाज का समय ही बढ़ाना होगा- अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने कहा सिंहस्थ 28 के लिए 2 हजार करोड़ बजट कम

दैनिक अवंतिका उज्जैन।
प्रयागराज कुम्भ निपटने के बाद अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज उज्जैन आए। बड़नगर रोड स्थित निरंजनी अखाड़े में बुधवार की दोपहर में पत्रकारों से चर्चा में महाराज ने देश में कुछ जगहों पर होली व नमाज को लेकर चल रहे विवाद पर कहा कि होली का त्योहार तो समय पर होना चाहिए, नमाज का समय आगे बढ़ाना पड़ेगा। क्योंकि होली साल में एक बार आती है और नमाज हर सप्ताह होती है।
महाराज ने कहा कि मैं किसी का भी विरोधी नहीं हूं। वे सब भी हमारे ही भाई हैं। सनातनी हिन्दू जोश में होते है, किसी रंग-गुलाल लग जाए इसलिए व्यवस्था बनाना जरूरी है। महाराज ने कहा कि सिंहस्थ 2028 के लिए सरकार ने 2 हजार करोड़ का जो बजट स्वीकृत किया है वह बहुत कम है। इसे 10 हजार करना होगा। हालांकि उन्होंने मप्र की मोहन यादव सरकार की तारीफ भी की और कहा कि प्रदेश में वे अच्छा काम कर रहे हैं। सिंहस्थ के काम भी शुरू हो गए है। महाराज ने कहा कि वे होली पर्व मनाने उज्जैन आए है। होली तक यहीं रहेंगे तथा विभिन्न धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
सिंहस्थ 28 में 40 करोड़ लोग
आएंगे, यूट्यूबर्स पर रोक लगे
प्रयागराज महाकुंभ में उम्मीद नहीं थी कि इतने लोग आ जाएंगे। 60 करोड़ लोग दुनियाभर से वहां पहुंचे। भारत में दक्षिण भारतीय लोग भी इस बार सिंहस्थ में आए। इससे लगता है कि उज्जैन के सिंहस्थ में 40 करोड़ श्रद्धालु आएंगे। इस लिहाज से उज्जैन को दिव्य भव्य और अलौकिक नगरी बनाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज कुम्भ से सबक लेते हुए उज्जैन कुम्भ के दौरान स्नान के दिन यूट्यूबर्स पर प्रतिबंध लगाना होगा। ये लोग सनातन धर्म को बदनाम करने में लगे है।