दैनिक अवंतिका उज्जैन। 

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को उज्जैन आए। इस दौरान वे तड़के 4 बजे महाकाल की भस्मारती में भी शामिल हुए। मौर्य करीब दो घंटे मंदिर में रहे। नंदी हॉल में बैठकर वे भगवान का जाप करते भी दिखे।

कुम्भ के सफल आयोजन के बाद मौर्य भगवान महाकाल के दर्शन करने व उनका धन्यवाद ज्ञापित करने पहुंचे। भस्मारती के बाद मौर्य ने परिवार के साथ गर्भगृह के बाहर से दर्शन किए। महेश पुजारी ने फूलों की माला पहनाकर उनका स्वागत किया। मौर्य ने कहा कि भगवान महाकाल के आशीर्वाद से ही प्रयागराज का महाकुंभ संपन्न हुआ है। बाबा की भस्मारती में शामिल होना ही बड़े सौभाग्य की बात है। उनके दर्शन-पूजन कर जन कल्याण की कामना की है। मंगलवार को श्री रामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या के कोषाध्यक्ष एवं मथुरा जन्मभूमि न्यास के उपाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज ने संत मौनी बाबा आश्रम उज्जैन के महामंडलेश्वर सुमनानंद महाराज के साथ महाकाल दर्शन किए। पूजन संजय पुजारी ने सम्पन्न कराया। कांग्रेस नेता जीतू पटवारी भी मंगलवार को उज्जैन प्रवास के दौरान महाकाल दर्शन करने पहुंचे।