सुहागरात पर दूल्हा-दुल्हन की मौत, कमरे में शव मिले

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में सुहागरात पर दुल्हन और दूल्हे की मौत हो गई। पत्नी का शव कमरे में बेड पर था, जबकि पति पंखे पर लटका हुआ था। रविवार सुबह 7 बजे तक दोनों नहीं उठे तो घरवाले जगाने पहुंचे। देखा तो कमरा अंदर से बंद था। घरवालों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं आया। इसके बाद घर वालों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर देखा तो उनके होश उड़ गए। दूल्हे को फंदे से उतारा और दोनों को अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। 7 मार्च यानी शुक्रवार को दूल्हा प्रदीप की शादी हुई थी। शनिवार सुबह दुल्हन विदा होकर घर आई थी। रविवार यानी आज रिसेप्शन था, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। मामला कैंट के सहादतगंज मुरावन टोला का है। बेटे और बहू की मौत पर मां रोते-रोते बेसुध हो गई। दूल्हे के भाई दीपक कुमार का कहना है- एक साल पहले रिश्ता तय हुआ था, कोई समस्या नहीं थी।
शुक्रवार शाम को हम लोग डीली सरैया बारात लेकर पहुंचे। भाई बहुत खुश था। धूमधाम के साथ शादी हुई। दूल्हा-दुल्हन से साथ में फोटो भी खिंचवाई। दीपक कुमार ने बताया कि सुबह 11 बजे दुल्हन की विदाई हुई। हम लोग दोपहर 1 बजे घर पहुंचे। शाम 4 बजे तक पूजन का कार्यक्रम चला। रात 11 बजे तक महिलाएं गीत गाकर जश्न मनाती रहीं। फिर भैया और भाभी कमरे में गए।