नर्मदा जयंती पर ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं ने डूबकी लगाई, शाम को 1 लाख दीपदान किए जाएंगे

खंडवा। आज मां नर्मदा के जन्मोत्सव पर तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में हजारों की तादाद में श्रद्धालु पहुंचे हैं। सुबह से नर्मदा में डुबकी लगाई, स्नान किया। इस दौरान नौका संचालन बंद रखा गया। पवित्र गोमुख घाट पर 151 लीटर दूध से मां नर्मदा का महाभिषेक होगा। शाम को नर्मदा घाटों पर भक्तों द्वारा महाआरती के बाद सवा लाख दीपदान किए जाएंगे। मां नर्मदा के जन्मोत्सव पर मंगलवार सुबह से ही पूजन के साथ जगह-जगह भंडारे शुरू हो गए हैं। संस्कृति विभाग द्वारा गोमुख घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं। अलग-अलग मंचों से भजन गायकों द्वारा प्रस्तुति दी जा रही हैं। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाएं जुटाई गई हैं। ओंकारेश्वर से ज्यादा श्रद्धालु मोरटक्का और खेड़ीघाट में जुटे हैं। यहां नर्मदा तट पर खेड़ीघाट की ओर भव्य मेला लगा हैं। दोपहर के समय मां नर्मदा के भक्तों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी।