हत्या करने वाला भाजपा विधायक का बड़ा भाई पिता ने 12 बोर की बंदूक से पुत्र को मारी गोली

दैनिक अवंतिका उज्जैन। घट्टिया विधानसभा विधायक सतीश मालवीय के बड़े भाई ने सोमवार सुबह अपने पुत्र की 12 बोर बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हिरासत में लेकर बंदूक बरामद की है। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है।
शहर से 65 किलोमीटर दूर माकडोन थाना क्षेत्र के ग्राम संचाई में रहने वाले भाजपा विधायक के भाई मंगल मालवीय ने अपने 38 वर्षीय पुत्र अरविंद की सुबह 9.30 बजे 12 बोर की बंदूक से गोली मारी दी। सिर में गोली लगने से अरविंद की मौके पर मौत हो गई। खबर मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीपसिंह राजूपत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अरविंद को एम्बुलेंस से तराना भेजा गया। जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भाजपा विधायक सतीश मालवीय के भतीजे की मौत होने पर तराना अस्पताल में काफी भीड़ जमा हो गई थी। एएसपी पल्लवी शुक्ला ने बताया कि मंगल मालवीय किराना दुकान चलाते थे। दोनों पिता-पुत्र में रूपयों के लेनदेन का विवाद था। जिसके चलते पिता ने पुत्र की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने घटनास्थल से ही पुत्र की हत्या करने वाले पिता मंगल को हिरासत में ले लिया था। उसकी 12 बोर की लायसेंसी बंदूक भी जप्त की गई है। पूछताछ जारी है मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जायेगा।
पहले किया हवाई फायर फिर मारी गोली
थाना प्रभारी प्रदीपसिंह राजपूत ने बताया कि घटनास्थल पर जांच के दौरान सामने आया कि मंगल मालवीय ने पुत्र अरविंद से विवाद होने पर पहले हवाई फायर किया था, दूसरी बार में उसे गोली मारी। घटना के समय घर में मंगल की पत्नी मधुकला मालवीय और अरविंद की पत्नी रविना और 6 वर्षीय पुत्र क्रियांश मौजूद थे। गोली चलने के बाद पत्नी ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी और उसके बाद पुलिस तक सूचना पहुंची।
परिवार ने 20 साल पहले तोड़ा था रिश्ता
जानाकरी सामने आई है कि विधायक मालवीय का बड़ा मंगल मूलरूप से देवास जिले सुनवानी गोपाल का रहने वाला था। परिवार से उससे 20 साल पहले रिश्ता तोड़ लिया था। मंगल अपने ससुराल ग्राम सुंचाई में रहने चला गया था। उसकी हरकते ठीक नहीं थी। वह पूर्व में भी कई बार छोटी-छोटी बातों पर घर में हवाई फायर कर चुका था। पुत्र को गोली मारने के बाद आसपास के लोगों को यही लगा कि आज भी हवाई फायर किया है। जिसके चलते कोई वहां नहीं पहुंचा था।
पुत्र ने मांगे थे पिता से रूपये
बताया यह भी जा रहा है कि मंगल मालवीय और उसके पुत्र अरविंद के बीच विवाद होता रहता था। अरविंद ने पिता से कहा था कि मुझे रूपये दे दो, अलग हो जाऊंगा, लेकिन पिता ने रूपये नहीं दिये थे। मंगल मालवीय के पिता नागूलाल मालवीय भी पूर्व विधायक रह चुके है। मंगल वर्तमान विधायक भाई और पूर्व विधायक पिता के नाम का सहारा लेकर लोगों को भयभीत भी करता था।