April 25, 2024

कलेक्टोरेट में होगा कांग्रेस का शपथ ग्रहण समारोह, बिना जुलूस के आने को कहा

इंदौर। शहर की सरकार में शामिल होने के लिए शनिवार को 18 कांग्रेस पार्षद शपथ लेंगे। नगर निगम चुनाव में 19 वार्डों में कांग्रेस के पार्षद जीते हैं। मगर एक पार्षद राजू भदौरिया के जेल में होने से 18 ही पार्षद शपथ लेंगे। देखा जाए तो शुक्रवार को इंदौर के अभय प्रशाल में भाजपा के महापौर पुष्यमित्र भार्गव और 64 भाजपा पार्षदों ने शपथ ली। हालांकि इस आयोजन को लेकर कांग्रेस ने निशाना भी साधा है।

कलेक्टर दफ्तर में कांग्रेस का जमावड़ा

शनिवार दोपहर को कलेक्टर कार्यालय में कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा लगेगा। कांग्रेस के जीते पार्षदों सहित कांग्रेस के नेता कलेक्टर ऑफिस पहुंचेंगे। इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने कहा कि आयोजन शनिवार को दोपहर 12.15 बजे रखा गया था। मगर टाइम में बदलाव के चलते करीब 3 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा और कलेक्टर दफ्तर में ही कांग्रेस के पार्षद शपथ लेंगे।

खर्च को विकास में लगाया जाता, साधा निशाना

बाकलीवाल ने शुक्रवार को हुए भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कहा कि इसकी कोई आवश्यकता नहीं थी। भाजपा सरकार अपने प्रचार-प्रसार के लिए जनता के टैक्स के द्वारा वसूली गई कमाई को शपथ समारोह में खर्चा किया। जो अव्यावहारिक है। अच्छा होता कि इस शपथ समारोह में खर्च होने वाली रकम को इंदौर की जनता के विकास में लगाया जाता।

बिना जुलूस के आने को कहा

उन्होंने बताया कि शनिवार को कलेक्टर दफ्तर में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में सभी पार्षदों से कहा गया है कि बिना जुलूस के यहां शांतिपूर्ण रूप से आएं। ऐसा न हो कि हमारी वजह से आम जनता परेशान हो। कांग्रेस के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस खेमे में हलचल बनी रही।