March 29, 2024

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली
कांग्रेस महंगाई, जीएसटी, और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ शुक्रवार को सड़क से संसद तक प्रदर्शन कर रही है। कुछ देर में राहुल-प्रियंका पीएम आवास का घेराव करेंगे। प्रियंका भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंच गई हैं। उधर, प्रदर्शन को देखते हुए अकबर रोड पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस ने तीन लेयर में जवानों को तैनात किया है। किसी भी कार्यकर्ता अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। इस बीच, केंद्र के खिलाफ विरोध जताने के लिए सोनिया, राहुल समेत कांग्रेस के सभी सांसद सदन में काले कपड़े पहनकर पहुंचे।
इससे पहले, सुबह राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, ‘क्या आप तानाशाही का मजा ले रहे हैं, यहां रोज लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इस सरकार ने 8 साल में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया।’ दरअसल, कांग्रेस आज देशभर में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। मीडिया से बात करने के दौरान वह अपने बाजू पर काली पट्टी बांधे थे।

 

राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें
हर इंस्टीट्यूट में आरएसएस का आदमी: देश की मीडिया, इलेक्टोरल सिस्टम इनके दम पर विपक्ष खड़ा होता है, लेकिन देश में हर इंस्टीट्यूट में आरएसएस का आदमी बैठा है। वह सरकार के कंट्रोल में है। जब हमारी सरकार होती थी तब इन्फ्रास्ट्रक्चर न्यूट्रल होता था। हम उसमें दखल नहीं देते थे। आज यह सरकार के साथ है। कोई विरोध करता है तो उसके खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियां लगा दी जाती हैं।’