April 25, 2024

खरगोन समेत 6 जिलों में 1 वोट से जीती भाजपा; मंदसौर, धार, आगर में सिक्का उछालने से चमकी किस्मत

भोपाल। मध्यप्रदेश पंचायत चुनाव के आखिरी चरण में 52 में से 51 जिला पंचायतों में अध्यक्ष के चुनाव हुए। 40 में भाजपा और 10 जिलों में कांग्रेस जीती। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने भी चौंकाते हुए एक जिला पंचायत अध्यक्ष बना लिया। 6 जिले ऐसे रहे, जहां BJP को सिर्फ 1 वोट से जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी मिली। तीन जिले ऐसे हैं, जहां सिक्का या चिट्‌ठी निकालना पड़ी। ये तीनों BJP के पक्ष में गईं। भोपाल में BJP जोड़तोड़ कर अध्यक्ष बनाने में कामयाब रही। यहां कांग्रेस के सदस्य को BJP ने जिला पंचायत अध्यक्ष उम्मीदवार बना दिया।
दंगों का दंश झेल चुके खरगोन में भाजपा ने कांग्रेस से एक वोट ज्यादा लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष बनाया। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की बहू (विधायक राहुल लोधी की पत्नी) उमिता सिंह भी एक वोट से अध्यक्ष बनीं। मंदसौर में भाजपा की दुर्गा पाटीदार को भी जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी मिली है। यहां चिट्‌ठी (गोटी) से फैसला हुआ। इसी तरह, आगर जिले में अध्यक्ष की कुर्सी का फैसला पर्ची से हुआ। भाजपा की मुन्नीबाई जीत गईं। धार में भी चिट्‌ठी निकाली।