April 24, 2024

नगरीय निकाय चुनाव की पत्रकार वार्ता में उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव की ऊंची फेंक, नगर के विकास पर नहीं की ज्यादा चर्चा, पूर्व महापौर मीना जोनवाल रही नदारद

उज्जैन। नगरीय निकाय चुनाव में स्थानीय मुद्दों से उज्जैन के विधायक और प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने किनारा करते नजर आए हैं। शनिवार को लोकशक्ति कार्यालय पर उन्होंने पत्रकार वार्ता ली। इसमें मंत्री यादव ने सरकार की उपलब्धियां गिनाई। ज्ञात हो कि पत्रकारवार्ता नगरीय निकाय चुनाव को लेकर थी, लेकिन इसमें मंत्री यादव ने केंद्र व राज्य सरकार के कार्यों की उपलब्धि गिनाई। लोगों का कहना है कि यह समझ से परे ही कि नगर के विकास के कार्यों की जगह केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धि क्यों बताई गई। जबकि पत्रकारों द्वारा टाटा कम्पनी के सीवरेज के काम में लापरवाही, क्षिप्रा शुद्धिकरण सहित अन्य सवाल पूछे तो उन्होंने सारे सवालों का जवाब यह कहकर टाल दिया कि मैं भी टाटा कम्पनी के कार्यों से संतुष्ट नहीं हूं। जब मंत्री ही संतुष्ट नहीं है तो शहर के नागरिक कितने परेशान होंगे। वहीं शहर की यातायात व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि चुनाव बाद चालानी कारवाई करेंगे। अभी चालानी कारवाई करने से जनता नाराज हो जाएगी। आम जन का मानना है कि वोट के चक्कर में उन्होंने जनता को हो रही परेशानी ही दरकिनार कर दी।
पत्रकार वार्ता में मंत्री यादव ने 4 बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि जनता से विकास के नाम पर वोट मांगेंगे। 26-27 को ढोल धमाकों के साथ जनसम्पर्क करेंगे। मंत्री यादव ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी अधिकांश वार्ड जीतने की स्थिति में हैं। 2 माह में बेस्ट कम्पनी नागझिरी में पूर्ण क्षमता से शुरू होगी। उज्जैन में सबसे बड़ा मेडिकल डिवाइस पार्क 40 हज़ार करोड़ की लागत से बनेगा, जिसमे 1 हज़ार लोगों को रोज़गार मिलेगा। पत्रकारवार्ता में उन्होंने महाराष्ट्र सरकार के बेमेल गठबंधन का नतीजा भी बताया और आई आईटी सेटेलाइट का प्रोजेक्ट की जानकारी भी दी। साथ ही उन्होंने बताया कि मेट्रो चालू होने के साल भर बाद उज्जैन का मेट्रो प्रोजेक्ट भी चालू होगा। इसके अलावा विवि में 234 प्रकार के नए कोर्स शुरू हुए। पत्रकार वार्ता में पूर्व महापौर मीना जोनवाल कहीं दिखाई नहीं दी।