March 29, 2024

ब्रह्मास्त्र राजगढ़। मध्य प्रदेश में एक दलित बेटी की शादी में जमकर हंगामा हुआ है। मामला राजगढ़ के पिपलिया कला गांव का है। बताया जा रहा है कि गांव में एक दलित लड़की की शादी थी। लेकिन कुछ दबंगों ने लड़की की बारात गांव में नहीं आने दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब बारात गांव के करीब पहुंची तो बदमाशों ने बारात पर पथराव कर दिया
इतना ही नहीं यह भी जानकारी सामने आ रही है कि बदमाशों ने बारातियों के लिए लगाए गए तंबू-टेंट को भी उखाड़ फेंका है। इधर दलित लड़की की शादी में दबंगई के बारे में सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जिले के एसपी और कलेक्टर रात के वक्त ही घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के आने के बाद भी यहां हंगामा जारी रहा। जिसके बाद इस हंगामे को शांत करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े।
बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे दांगी समाज के 500 से अधिक लोगों ने दुल्हे को घोड़ी से उतार दिया था और बारातियों के ऊपर हमला कर तोड़फोड़ व पथराव किया था। यहां आपको याद दिला दें कि कुछ दिनों पहले इसी गांव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक सभा की थी। इसके अलावा यहां आदिवासी महिला ने शबरी की तरह सीएम को बेर भी खिलाए थे। इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी इस गांव में एक सभा की थी। हालांकि, इस हंगामे में किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई थी। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद यहां के एसडीओपी आनंद राय व थाना प्रभारी जेपी चौहान के द्वारा दूल्हे व दुल्हे के पिता को थाने में ले जाया गया। पुलिस ने इनसे कहा कि हमारी मौजूदगी में यह शादी होगी। बाद में पुलिस बल और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा की मौजूदगी में सुबह 4 बजे बड़ी धूमधाम व जुलूस के साथ शादी करवाई गई।