March 29, 2024

लूटी गई राइफलें कुएं में खोज रही पुलिस, दो और आरोपी अरेस्ट
ब्रह्मास्त्र गुना। गुना में शुक्रवार तड़के 5 से ज्यादा शिकारियों ने 3 पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मुठभेड़ में एक शिकारी नौशाद खान भी मारा गया था। पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद पुलिस एक्शन में आई और शनिवार देर रात तक जवाबी कार्रवाई में 3 और आरोपियों को एनकाउंटर में मार गिराया। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि अभी सिर्फ नौशाद के भाई शहजाद की ही हुई है। शनिवार देर शाम हुए शहजाद के एनकाउंटर में वीरेंद्र गुर्जर नाम का पुलिसकर्मी घायल हो गया। मध्यप्रदेश बीजेपी के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने एक ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने लिखा- हिसाब बराबर। इसके बाद भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने भी ट्वीट किया कि चौथा भी गया। प्रशासन ने 5 आरोपियों के घर को बुलडोजर से ढहा दिया। पुलिस ने दो अन्य हमलावरों जिया खान और सोनू को गिरफ्तार किया है। दोनों शहजाद और नौशाद के साथ शिकार पर गए थे।
शिकार पर जाने को लेकर पिता से हुई थी आरोपियों की बहस
नौशाद की भतीजी की शनिवार को शादी थी और बारातियों को काले हिरण का मांस परोसा जाना था। उन्होंने 4 काले हिरण, 1 मादा हिरण और 1 मोर का शिकार किया था। पिता ने आरोपी बेटों नौशाद और शहजाद से कहा था-निकाह में मैं मुर्गे की दावत दे दूंगा, हिरण मत मारना। बेटे नहीं माने और शिकार के लिए जंगल चले गए। इस बात को लेकर पिता और आरोपी बेटों में बहस भी हुई थी।