April 23, 2024

ब्रह्मास्त्र पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में ताडीवाला रोड पर स्थित एक शवदाह गृह में शनिवार शाम एक अंत्येष्टि के दौरान हुए हादसे में करीब 11 लोग झुलस गये। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उपायुक्त सागर पाटिल ने बताया कि यह घटना शाम सात बजे कैलाश शवदाह गृह में हुई। उन्होंने बताया कि पहले से जल रही चिता पर जब ईंधन डाला गया तो वह बह गया और आग फैल गई। आग की चपेट में आने से करीब 11 लोग झुलस गये। पाटिल ने बताया कि घायलों को सेसंश जनरल अस्पताल और सूर्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम घटना की जांच भी कर रहे हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कुछ लोग बहुत बुरी तरह से झुलस गए हैं। उन्होंने बताया कि कथित रूप से आत्महत्या करने वाले दीपक काम्बले नाम के व्यक्ति की शवदाह गृह में अंत्येष्टि की जा रही थी। अधिकारी ने कहा कि काम्बले के पुत्र ने बताया कि शवदाह गृह में उनके सगे-संबंधी सहित करीब 80 लोग मौजूद थे।