April 20, 2024

ब्रह्मास्त्र भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को यह विश्वास हो गया है कि अगला विधानसभा चुनाव उन्हीं के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। इसलिए, एक बार फिर उन्होंने गुटबाजी में बंटी कांग्रेस को एक करने की कोशिश शुरू कर दी है। कल कांग्रेस के 6 बड़े नेता एक साथ बैठे, हालांकि इस बैठक में क्या हुआ यह तो पता नहीं चला है, लेकिन यह जरूर कहा जा रहा है कि सभी ने अपने गिले-शिकवे दूर किए हैं। शायद यह दिल्ली से भी निर्देश हो। गौरतलब है कि गुटबाजी के कारण कांग्रेस बार-बार मात खाती रही है। कुछ दिन पहले ही कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की खटास बाहर आने के बाद पार्टी की जमकर फजीहत हुई थी। अब यह कोशिश की जा रही है कि भले ही मन से एक न हो, लेकिन पार्टी मंच पर और सार्वजनिक रूप से सभी एक दिखाई दें।