March 29, 2024

इंदौर में केस दर्ज, कई महिलाओं से संबंध का आरोप

ब्रह्मास्त्र इंदौर। एक महिला को उसके पति ने तीन तलाक दे दिया। महिला ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। आरोपी ने डेढ़ साल पहले पहली पत्नी को बिना बताए दूसरी शादी की थी। जूनी इंदौर टीआई अभय नेमा ने बताया कि गुलजार कॉलोनी में रहने वाली सहाना खान की शिकायत पर उसके पति फरहान पुत्र फारुख मुलतानी, सास मुमताज मुल्तानी और ननंद फरहीन के खिलाफ मारपीट व तीन तलाक का केस दर्ज किया है।
पीड़िता ने बताया कि 10 जनवरी 2021 को फरहान से मेरी शादी हुई थी। एक माह बाद ही विवाद होने लगा। मैं परेशान होकर गुलजार कॉलोनी अपने मायके आ गई। 8 माह तक कोई लेने नहीं आया। 5 जनवरी 2022 को फरहान समझौता कर अपने साथ ले गया। घर ले जाते ही फरहान ने मेरी मां से प्लॉट बेचकर रुपए लाने की बात कही। इस बात को लेकर 22 फरवरी को फरहान से मेरा झगड़ा हुआ। सास और नंनद भी आ गए। इस बीच फरहान ने तीन बार तलाक बोलकर मुझे घर से निकाल दिया।
पुलिस ने बताया कि फरहान की पहली शादी सदर बाजार की आयशा से हुई थी। जब वह सहाना से शादी कर रहा था तो आयशा सदर बाजार पुलिस को लेकर मंडप में पहुंची थी। उसने यहां धमकी दी थी कि बिना तलाक के फरहान दूसरी शादी कैसे कर रहा है। उसने यह भी कहा था कि फरहान के कई लड़कियों से संबंध हैं। इसके चलते उसने आयशा को छोड़ दिया था। आयशा के जाने के बाद फरहान के परिवार ने हाथ-पैर जोड़े थे, तब सहाना का परिवार शादी के लिए राजी हुआ था। सहाना फरहान के दोस्त की बहन है।