April 19, 2024

उज्जैन। चोरों की गश्त कम नहीं हो पा रही है। दिन-रात सूने मकानों के ताले तोड़ रहे है। गुरुवार को दिन में चोर अवंतिपुरा पहुंचे। उससे पहले रात में महानंदानगर में वारदात को अंजाम दिया गया था। जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के अवंतिपुरा में चोरों ने सुबह 6 से दोपहर 2 बजे बजे के बीच जैन परिवार के सूने मकान पर धावा बोला। ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किये और भाग निकले। दोपहर में जैन परिवार की बेटी दिप्ती पति रितेश जैन निवासी जैन कालोनी नयापुरा अपने माता-पिता के घर पहुंची तो ताला टूटा देखा। घर में चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। दिप्ती ने पुलिस को बताया कि माता-पिता गुजरात गये हुए है। चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण चोरी किये है। माता-पिता के बाहर जाने पर वह देखरेख के लिये आ रही थी। रात 12 बजे तक वह पिता के घर पर थी। प्रधान आरक्षक अमरसिंह ने बताया कि दीप्ति जैन की शिकायत पर चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच के लिये फिगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलाया गया था। मकान के सामने कैमरा लगा है, लेकिन उसमें बदमाश कैद नहीं हो पाये है। एक्सप्रर्ट टीम द्वारा लिये गये फिगर प्रिंट का मिलान पुराने बदमाशों से किया जा रहा है। जल्द सुराग लगा लिया जाएगा।