April 25, 2024

जबरदस्ती मंगेतर होने के दस्तावेज बनाए, प्रकरण दर्ज

ब्रह्मास्त्र इंदौर। एक महिला शादी डॉट कॉम पोर्टल के जरिये एनआरआई से संपर्क में आई और फिर प्रताड़ना का शिकार हो गई। पीड़िता ने भंवरकुआं थाने में एनआरआई के खिलाफ प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने एनआरआई पर धारा 509 के तहत इलेक्ट्रानिक साधनों व्दारा यौन उत्पीड़न करने का केस दर्ज किया है।
पीड़ित महिला (39 वर्ष) का कहना था कि 2 साल पहले उसने शादी डॉट कॉम के जरिए यूएस में रहने वाले व्यक्ति संजीव कोकरा (62 वर्ष) से संपर्क किया। जिसके बाद दोनों व्हॉट्सएप कॉलिंग से बात करने लगे। संजीव महिला को यूएस बुलाना चाहता था। लेकिन महिला के इंकार करने के बाद संजीव ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

नाराजी की वजह बना वीजा

पीड़िता ने बताया कि संजीव उसे यूएस बुलाना चाहता था। इसके लिए उसने पीड़िता के पास दस्तावेज भेजे। उनमें महिला को खुद की मंगेतर बताकर दस्तावेज तैयार किये थे। यह बात महिला को पसंद नहीं आई और फिर उसने बातचीत बंद कर दी। इसी दौरान महिला को संजीव की दो बेटियों का भी पता चला।

विदेश से भेजे पड़ोसियों को पत्र

महिला से बातचीत बंद होने से नाराज संजीव ने महिला के घर के आसपास केवल मकान नंबर लिखकर अनजान पत्र लिखना शुरू किये। पीड़िता ने बताया कि संजीव पड़ोसियों को पत्र लिखकर मुझे सेक्स वर्कर बताकर तंग करने लगा। महिला को ये पत्र यूपीएस कूरियर की ओर डिलीवर किये जाते थे। पुलिस इस कंपनी से भी संपर्क कर रही है।

संजीव को ब्लॉक किया तो सतीश बन गया

पीड़िता ने जब संजीव से बातचीत पूरी तरह से बंद कर दी और संजीव के नंबरों को ब्लॉक कर दिया तो सतीश बनकर पीड़िता को परेशान करने लगा। संजीव ने महिला के घर पर यूपीएस कूरियर के नाम से अमेरिका से पत्र भेजने लगा। इसके साथ ही पुलिस मोबाइल नंबर का भी पता लगा रही है।