April 26, 2024

उज्जैन। देवासरोड उद्योगपुरी में शनिवार-रविवार रात शार्ट सर्किट के बाद फैक्ट्री भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाया जाता 1 करोड़ का सामान जलकर खाक हो चुका था। कमरी मार्ग पर रहने वाले मोइज भाई नागझिरी उद्योगपुरी में हरवा इंड्रस्ट्रीज नाम से फैक्ट्री संचालित करते हैं। जहां टाईल्स को जोडऩे के लिये सॉल्यूशन के साथ कटाउट बनाने का काम किया जाता था। रात 1 बजे फैक्ट्री में आग लग गई। सॉल्यूशन केमिकल के ड्रम रखे होने से आग तेजी के साथ फैली और पूरी फैक्ट्री लपटों से घिर गई। आगजनी की सूचना आसपास काम करने वालों ने फायर ब्रिगेड के साथ पुलिस को दी। रात डेढ़ बजे पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरु किये। एक के बाद एक 16 दमकले मौके पर पहुंची। तड़के 6.30 बजे आग काबू में आ सकी। इस दौरान आगजनी से करीब एक करोड़ का नुकसान हो चुका था। फैक्ट्री संचालक मोइज ने बताया कि आग संभवत: शार्ट सर्किट से लगी है। फैक्ट्री में 20 कर्मचारी काम करते है। जो शाम 8 बजे बाद घर चले गये थे। आगजनी के मामले में नागझिरी पुलिस का कहना था कि घटना के बाद पुलिस पहुंची थी, संचालक द्वारा शिकायत दर्ज कराने पर जांच शुरु की जाएगी। फिलहाल नुकसान के अलावा कोई जनहानि नहीं हुई है।