March 28, 2024

उज्जैन। पति के साथ रविवार दोपहर थाने पहुंची महिला ने उपनिरीक्षक पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया। महिला ने मारपीट कर सर्विस रिवाल्वर से धमकाने की बात भी कही। पुलिस ने महिला के गंभीर अरोपों को देख मामले में उपनिरीक्षक के खिलाफ दुष्कर्म और धमकाने का केस दर्ज कर लिया है।
चिमनगंज थाने पर दोपहर 1 बजे के लगभग इंदौर के किंग टॉवर में रहने वाली महिला अपने पति के साथ पहुंची थी। उसने भैरवगढ़ थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक विकास देवड़ा पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और सर्विस रिवाल्वर से धमकाने का आरोप लगाया। उपनिरीक्षक पर आरोप सुनकर टीआई ने लिखित में शिकायत करने को कहा। महिला लिखित शिकायत लेकर पहुंची। पुलिस ने मामले को गंभीरता से समझा और महिला को मेडिकल परीक्षण कराने के बाद देर शाम उपनिरीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। उपनिरीक्षक एक माह पहले तक चिमनगंज थाने में पदस्थ था। उसकी कार्यशैली को देखते हुए एसपी ने लाइन अटैच कर दिया था। कुछ दिन पहले देवड़ा की पदस्थापना भैरवगढ़ थाने पर की गई थी।