April 26, 2024

उज्जैन। कोरोना की थमती रफ्तार को देखकर लगाये गये प्रतिबंध अब खत्म कर दिये गये है। बिना मास्क वालों से वसूले जाने वाले जुर्माने की कार्रवाई भी अब नहीं की जाएगी। शनिवार को जिले में 6 पॉजीटिव सामने आये है। पिछले दिनों कोरोना की तीसरी लहर की कम होती रफ्तार को देते हुए प्रशासन ने लगाये गये प्रतिबंधों को हटाने का फैसला लेते हुए धार्मिक, सांस्कृतिक और सभी गतिविधियों का पूर्ण रुप से संचालित करने के आदेश दे दिये थे। नगर निगम की टीम पुलिस के साथ बिना मास्क वालों से जुर्माना वसूलने की कार्रवाई कर रही थी। जिसे भी शनिवार से बंद किया गया है। निगम की ओर से पुलिस थानों पर जुर्माने की कार्रवाई अब नहीं करने का पत्र भेजा गया है। इस बीच देर रात जारी हेल्थ बुलेटिन में भी राहत भरी खबर सामने आई। स्वास्थ्य विभाग को 1787 सेम्पल की रिपोर्ट प्राप्त हुई थी, जिसमें जिले के 6 लोगों में संक्रमण की पुष्टि होना सामने आया है। जिसमें शहर का एक संक्रमित शामिल था। घट्टिया, खाचरौद, नागदा, तराना में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। महिदपुर 3 और बडऩगर में 2 पॉजीटिव रिपोर्ट सामने आई है। 21 लोगों के ठीक होने पर एक्टिव मरीज 127 रह गई थी।