April 19, 2024

 

पुलिस ने 3 बालक को पकड़ा, 3 की तलाश के लिए जगह जगह दबिश,

सभी देवास जिले के निवासी

 

उज्जैन। मालनवासा स्थित बाल सुधार गृह में रात को चौकीदार और होमगार्ड की आंखों में मिर्ची झोंक कर 6 बालक भाग निकले। पुलिस ने रात में ही सर्चिंग अभियान चलाया और तीन बालको को पकड़ भी लिया हैं। सभी किशोर अलग-अलग अपराध में संलग्न होने के कारण किशोर न्यायालय बोर्ड के आदेश पर बाल सुधार गृह में रखे गए थे। घटना शुक्रवार रात की हैं। शुक्रवार रात करीब 10 बजे देवास जिले के 6 बच्चों ने सुधार गृह के चौकीदार शंकरराव और होमगार्ड के जवान को पकड़ा और आंखों में मिर्ची झोंक कर ताला खोलकर फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल ही पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस महकमा रात को ही सर्चिंग में जुट गया। यहाँ बता दें की किशोर सुधार गृह में रखे गए बच्चों को नियमानुसार रात को 10 बजे लघुशंका के लिए अनुमति दी जाती हैं। इसी क्रम में रात को बच्चों को लघुशंका के लिए छोड़ा गया था। तभी सभी ने एकमत होकर चौकीदार और होमगार्ड के जवान को पकड़ा आंखों में मिर्ची डाली। जेब से चाबी निकालने के बाद ताला खोल कर फरार हो गए। किशोर सुधार गृह से बच्चों के भागने की खबर से हड़कंप मच गया। चौकीदार शंकरराव और होमगार्ड ने इसकी जानकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और रात्रि के समय गश्त में तैनात पुलिस बल के साथ डायल हंड्रेड को बच्चों की तलाश लगा दिया गया। इस दौरान शुक्रवार- शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे डायल हंड्रेड ने देवास रोड स्थित दताना-मताना के सुनसान इलाकों में दो बच्चों को रिकवर कर लिया। इसके अलावा एक बच्चे को देवास के उसके घर से पकड़ा गया हैं। यह बच्चा सीधें अपने घर पहुंच गया था। मामले में नागझिरी थाने में प्रकरण दर्ज कराया जा रहा हैं। पुलिस शेष तीन बच्चो को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है |