April 19, 2024

ब्रह्मास्त्र भोपाल। मध्यप्रदेश में हिजाब विवाद को लेकर बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही। इस विवाद में भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी कूद गए हैं। साध्वी प्रज्ञा सिंह ने कहा है कि भारत में हिजाब पहनने की आवश्यकता नहीं है। हिजाब तो घरों में पहनना चाहिए। हमारे घरों में, सनातनियों के घरों, हिंदुओं के घरों में तो मां को पूजा जाता है। स्त्रियों की भी पूजा होती है। परंतु जिनके घरों में बहन का नाता नहीं है। जहां बुआ की लड़की, मौसी की लड़की, बाप की पहली बीबी की लड़की, सबसे शादी कर सकते हैं, तो उन्हें घर में हिजाब पहनना चाहिए। सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर मंगलवार को बरखेड़ा में राम मंदिर कैंपस में सनातन महापंचायत में शिरकत कर रही थीं। साध्वी प्रज्ञा ने ये भी कहा कि आपके मदसरे होते हैं। आप मदसरों में हिजाब लगाएं या कुछ और लगाएं, हमें क्या मतलब है। आप वहां के अनुशासन में रहिए। लेकिन आप अगर यदि पूरे देश का, जितने विद्यालय हैं, महाविद्यालय हैं, उनका अनुशासन बिगाड़ोगे और ज्ञान का अनुशासन बिगाड़ोगे, ज्ञान में हिजाब चलाने लगे तो यह बर्दाश्त नहीं होगा।