March 29, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। एक पुलिसकर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या की वजह घरेलू विवाद बताया जा रहा है। बाणगंगा की रघुवंशी कॉलोनी में रहने वाले सुनील पिता अर्जुनसिंह सेंगर ने फांसी लगा ली। उसकी पत्नी ने देखा तो वह फंदे पर लटक रहा था। फंदा काटकर उसे नीचे उतारा तो वह बेसुध हो गया।
उसे रिश्तेदारों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि सुनील परदेशीपुरा थाने में पदस्थ था। भाई की मौत के बाद उसकी अनुकंपा नियुक्ति हुई थी। उसके माता-पिता की भी पहले ही मौत हो चुकी है। उसने घर पर फोन लगाकर कहा था कि वह खाना नहीं खाएगा,पार्टी में जा रहा है। इसके बाद उसने घर पहुंचकर पत्नी से खाना मांगा। इसी बात को लेकर कुछ कहासुनी हुई। फिर दोनों सो गए। रात को सुनील ने यह कदम उठा लिया। सुनील के डेढ़ साल के एक बच्चे की जनवरी में बीमारी के कारण मौत हो चुकी है, जिसके बाद वह डिप्रेशन में रहने लगा था। पुलिस पता लगा रही है कि सुनील ने आत्महत्या क्यों की।