April 19, 2024

उज्जैन। घर के बाहर खड़ी बाइक चुराने में नाकाम बदमाश ने पत्थरों से तोडफ़ोड़ शुरु कर दी। चाकू से टायर फाड़ दिया। बदमाश ने एक्टिवा चुराने का प्रयास भी किया। उसकी करतूत कैमरे में कैद हो गई। अब फुटेज के आधार पर तलाश की जा रही है। चिमनगंज उद्योगपुरी में रहने वाले दीपक ठाकुर ने शुक्रवार-शनिवार रात अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। रात ढाई बजे के लगभग एक बदमाश पहुंचा और उसने बाइक चोरी का प्रयास किया। उसने पहले लॉक तोडऩे की कोशिश की, नाकाम होने पर पत्थर उठा-उठाकर बाइक पर मारना शुरु कर दिये। पांच पत्थर मारने के बाद वह समीप खड़ी एक्टिवा की डिक्की तोडऩे का प्रयास करने लगा। जब डिक्की नहीं खुली तो उसने जेब से चाकू निकाला और बाइक का टायर फोड़ दिया। उसने बाइक की वायरिंग को काट दिया था। करीब आधे घंटे तक बदमाश ने तांडव किया। इस दौरान एक व्यक्ति वहां आया, लेकिन वह भी नशे में दिखाई दे रहा था। रात में हुई घटना के बाद सुबह दीपक को बाइक क्षतिग्रस्त मिली तो उसने अपने यहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। जिसमें पूरा घटनाक्रम कैद दिखाई दिया है।