April 20, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। किराएदार कमरे में बेहोश मिला, तो उसे मकान मालिक अस्पताल लेकर पहुंचा। होश में आने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मयूर नगर मूसाखेड़ी के रहने वाले अरविंद को बेहोशी की हालत में एमवाय अस्पताल लाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। उसके मकान मालिक रवि ने बताया कि वह गार्ड की नौकरी करता था। उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। वह कह रहा था कि दो से तीन दिन में पत्नी लौट आएगी, तब किराया दे दूंगा।
पिछले दो दिनों से वह दिख नहीं रहा था। कमरे का दरवाजा बंद था। जैसे-तैसे दरवाजा खोलकर देखा तो वह अंदर बेहोश मिला। उसके मुंह से झाग आ रहा था। अस्पताल ले गए तो वहां उसकी मौत हो गई। अभी अरविंद की पत्नी के बारे में मकान मालिक को कोई जानकारी नहीं है कि वह कहां रहती है। उसकी तलाश में वे एमआईजी और परदेशीपुरा क्षेत्र में गए भी थे, लेकिन नहीं मिली। फिलहाल अरविंद के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उधर, द्वारकापुरी क्षेत्र के रवि ने भी जहर खा लिया। बताया जा रहा है कि उसने शराब के नशे में यह कदम उठाया। पत्नी से विवाद के बाद उसके द्वारा जहरीली गोलियां खाने की आशंका जताई जा रही है।