April 20, 2024

उज्जैन। पति से विवाद कर रही पत्नी को समझाने के लिये सास बीच बचाव में आई तो बहू ने ब्लेड से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में बेटा मां को उपचार के लिये अस्पताल लेकर पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है। देवासगेट थाना पुलिस ने बताया कि तुलसीनगर में रहने वाली प्रियंका बुधवार रात पति रजत साहू के साथ विवाद कर रही थी। दोनों में काफी तेज आवाज में कहासुनी हो रही थी। जिसे सुनकर सास राजकुमारी पति दिलीप साहू 50 वर्ष पहुंची और बेटा-बहू को समझाने का प्रयास किया। उसी दौरान बहू प्रियंका और भड़क गई। उसने ब्लेड से सास पर हमला कर दिया। राजकुमारी के दोनों हाथ ब्लेड के गहरे घाव लगने पर लहूलुहान हो गये। बेटे ने मां को खून से लथपथ देखा तो जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने 12 टांके लगाकर उपचार करते हुए भर्ती कर लिया। मामले की सूचना ड्यूटी कम्पाउंडर ने पुलिस को दी। अस्पताल पहुंचकर राजकुमारी के बयान दर्ज करते हुए बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है। बताया जा रहा है कि बुधवार को प्रियंका के जीजा का जन्मदिन था। उसने पति से तिरुपतिधाम चलने के लिये कहा था, लेकिन पति ने काम होने पर अकेले जाने का कह दिया था। प्रियंका तिरुपतिधाम गई, लेकिन जल्दी वापस लौट आई। पति और सास ने जल्दी लौटकर आने का कारण पूछा तो वह भड़क गई थी।