March 29, 2024

उज्जैन। कोरोना की तीसरी लहर में गुरुवार को पहली बार संक्रमण पर जीत हासिल करने वालों का आंकड़ा सबसे अधिक होना सामने आया है। 284 लोग स्वस्थ होकर होम आइसोलेशन से बाहर आए। तीसरी लहर में 2 दिनों के अंतराल में दूसरी बार कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 100 से नीचे सामने आया है। गुरुवार को पॉजिटिव आने वाले 75 रहे। इससे पहले 25 जनवरी को 98 लोग संक्रमित पाए गए थे। लगातार पॉजिटिव आने वालों की संख्या पिछले कई दिनों से 150 से 200 पार की बनी हुई थी। गुरुवार को जारी कोरोना हेल्थ बुलेटिन में शहर के 42, बडऩगर 11, महिदपुर 10, खाचरौद 10, तराना-नागदा के 1-1 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। लंबे समय बाद पॉजिटिव दर भी 5.5 प्रतिशत पर आई है। इससे पहले कोरोना डर और दहशत का माहौल बना रहा था। देर रात जारी बुलेटिन में सबसे बड़ी खबर स्वस्थ होने वालों की संख्या 284 के रूप में सामने आए हैं। तीसरी लहर में 1 दिन में ठीक होने वालों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या रही। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एक्टिव मरीजों की संख्या 1482 हो गई है। जिसमें 1452 का उपचार होम आइसोलेशन में चल रहा है। शेष को भी सेंटर में भर्ती हैं लेकिन उनमें भी सामान्य लक्षण नजर आ रहे हैं। आने वाले दिनों में ठीक होने वालों की संख्या एक दिन में 300 से अधिक हो सकती है।