March 28, 2024

कोरोना का कहर जारी, प्रदेश में 24 घंटे में 11 हजार नए मामले

ब्रह्मास्त्र इंदौर। कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। इंदौर में एक 20 साल की लड़की समेत प्रदेश में पांच कोरोना मरीजों की मौत हो गई। इनमें 5 महीने की नवजात भी शामिल है। 24 घंटे में 11274 नए पॉजिटिव केस मिले। एक्टिव केस बढ़कर 61388 हो गए। संक्रमण दर 13% के पार है। सागर विधायक शैलेंद्र जैन संक्रमित आए हैं।
भोपाल में 2107 नए केस मिले। ये तीनों लहरों का एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले दूसरी लहर में 28 अप्रैल 2021 को 1853 नए केस मिले थे। दूसरी लहर 1 अप्रैल से शुरू हुई थी और 28वें दिन संक्रमण का पीक आ गया था। तीसरी लहर 25 दिसंबर 2021 से शुरू हुई है और 21 जनवरी को 28 दिन पूरे हुए हैं। भोपाल में भी एक मौत रिपोर्ट हुई है।
इंदौर में 3169 नए संक्रमित मिले। इंदौर में 7 महीने बाद एक दिन में संक्रमण से 3 मौतें भी हुईं। जिन 3 मरीजों की मौत हुई है, उनमें 70 वर्षीय बुजुर्ग शुगर और 50 वर्षीय व्यक्ति थैलेसिमिया से पीड़ित थे। 20 वर्षीय युवती की भी मृत्यु हुई है। वह एमआरटीबी में जहर खाने के बाद भर्ती हुई थी। यहां टेस्ट में पॉजिटिव आई।
ग्वालियर में 5 दिन की नवजात की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। बच्ची का जन्म डबरा सिविल अस्पताल में हुआ था। तबीयत बिगड़ने पर जब जांच की गई, तो वो संक्रमित मिली। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ग्वालियर में 730 संक्रमित मिले हैं। 586 मरीज ग्वालियर तो 104 मरीज दूसरे जिलों के हैं। 40 मरीजों की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। नए संक्रमितों में 27 बच्चे और 40 बुजुर्ग भी शामिल हैं। शुक्रवार को 612 मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। अब जिले में एक्टिव केस 4239 हो गए हैं।