April 25, 2024

इंदौर। प्रदेश में कोरोना की बढ़ती रफ्तार के बीच मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। दो दिन के अंदर 7 संक्रमितों की मौत हुई है। 24 घंटे में 2 लोगों की मौत रिकॉर्ड की है। एक ग्वालियर तो दूसरी सागर में हुई। कोरोना का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट इंदौर बना हुआ है। यहां 3 हजार के पार संक्रमित मिले। भोपाल दूसरे नंबर पर है, यहां 1710 केस आए हैं। ग्वालियर में 640 नए मरीज मिले हैं। हाल यह है कि अब छोटे शहरों में भी कोरोना शतक या शतक के पास पहुंच गया है। सिंगरौली में 107 केस मिले, जबकि मुरैना-भिंड, दतिया जैसे जिलों में सौ के करीब पहुंच गया।

इंदौर में एक दिन में हजार और भोपाल में 400 केस बढ़े

24 घंटे में इंदौर में 3005 नए मरीज मिले हैं, जिसके बाद यहां एक्टिव केस बढ़कर 15,751 हो गए हैं। जबकि एक दिन पहले इंदौर में 2047 नए मरीज मिले हैं। यही हाल भोपाल का है। भोपाल में 1710 केस आए हैं, एक दिन पहले यहां पर 1341 केस थे। ग्वालियर में सौ केस कम हुए हैं। यहां 24 घंटे में 640 नए मरीज मिले। यहां एक्टिव मरीज 4224 हो गए हैं। एक दिन पहले 725 की संख्या में मिले थे। सागर में 285 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। उधर, गुना में 75 लोग संक्रमित मिले। सागर में 50 वर्षीय संक्रमित शख्स की मौत की वजह हाइपरटेंशन और निमोनिया बताई गई है। गुना में 40% महिलाएं संक्रमित मिलीं हैं।

उज्जैन में भी बढ़ रही आंकड़ा

उज्जैन में भी कोरोना मरीज बढ़ते जा रहे हैं। 9 दिनों से हर रोज 100 से ज्यादा मरीज संक्रमित मिले हैं। पांच दिन में दो बार 200 से ज्यादा पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। अब तक 1400 से ज्यादा मरीज हो चुके हैं। यह आंकड़ा और बढ़ेगा। आशंका बनी हुई है कि 800 लोगों की सैंपलिंग में से 150 मरीज संक्रमित निकलेंगे। विवाह शुरू होने के बाद लोगों की कनेक्टिविटी बढ़ेगी और संक्रमण तेजी से फैलेगा। ऐसे में मरीजों की संख्या दोगुनी होगी।