April 19, 2024

उज्जैन। शहर में संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो पा रही है। गुरुवार देर रात तीसरी लहर का सबसे बड़ा पॉजिटिव आंकड़ा सामने आया। 186 लोगों में कोरोना पुष्टि हुई है। जिस तरह से शहर में संक्रमण बढ़ रहा है उससे प्रतीत हो रहा है कि जनवरी माह खत्म होने से पहले शहर के 40 प्रतिशत से अधिक लोग होम आइसोलेशन में पहुंच जाएंगे।
2022 0 भी पिछले 2 वर्षों की तरह लोगों के लिए मुसीबत भरा बनता नजर आ रहा है। कोरोना की तीसरी लहर ने शहर को तेजी के साथ अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। देर रात स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए कोरोना हेल्थ बुलेटिन में 186 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सबसे बड़ी बात यह रही कि सबसे अधिक संक्रमित शहर में मिले हैं। जिनकी संख्या 183 है। पिछले दो-तीन दिनों से तहसीलों में बढ़ रहा संक्रमण कम होता दिखाई दे रहा है। हेल्थ बुलेटिन में बडऩगर के दो और एक घटिया का पॉजिटिव मरीज शामिल है। पॉजिटिव दर 9.11 प्रतिशत पहुंच चुकी है। गुरुवार देर रात 2040 सैंपल की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हुई थी। जिसके बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 862 पहुंच चुकी है। कोरोना नोडल अधिकारी डॉक्टर एचपी सोनानिया के अनुसार 847 का उपचार होम आइसोलेशन में चल रहा है। 15 अस्पतालों में भर्ती है। कोरोना की तीसरी लहर काफी तेजी से फैल रही है। जिससे बचाव के लिए मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग ही सबसे बड़ा हथियार है।