April 20, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर/भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना कहर बनकर टूटने लगा है। जबलपुर में एक दिन में तीन, ग्वालियर में दो और विदिशा में एक कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। ग्वालियर में 25 साल की वर्षा ने दो दिन पहले बेटे को जन्म दिया। दम तोड़ने से पहले बेटे को देखा। प्रदेश में थर्ड वेव से अब तक 18 मौतें हो चुकी हैं। सागर जिले के तीन स्कूलों में भी 12 बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रदेश भर में बुधवार को 3639 संक्रमित मिले हैं। पिछले 24 घंटों में भोपाल में 863 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इंदौर में 1104 और जबलपुर में 277 केस आए हैं। ग्वालियर में 635 और सागर में 133 , उज्जैन में 107 पॉजिटिव आए हैं।
भोपाल में बुधवार को पॉजिटिव आए 863 नए कोरोना मरीजों में 47 बच्चे हैं। इनमें आठ महीने की एक बच्ची भी है। यही नहीं, एक जनवरी से अब तक 18 साल तक के 240 से ज्यादा बच्चों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।

8 महीने की जुड़वां बहनों में से 1 संक्रमित

भोपाल में जाटखेड़ी, होशंगाबाद रोड स्थित मल्टी स्टोरी कवर्ड कैंपस में रहने वाले एक परिवार की आठ महीने की जुड़वां बच्चियों को सर्दी-खांसी हुई थी। परिजनों ने डॉक्टर की सलाह पर परिवार के सभी चारों सदस्यों की जांच कराई। पति-पत्नी और एक बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तीनों को होम आइसोलेशन में रखा है।

नेपाल से शादी करने भोपाल आई दुल्हन भी पॉजिटिव

26 वर्षीय युवती नेपाल से 6 जनवरी को कोलार आई थी। कोरोना जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। उसे होम आइसोलेशन में रखा गया है। बताया गया है कि उसकी आठ जनवरी को शादी होनी थी, जो अटक गई है। यह युवती ऑस्ट्रेलिया और लड़का नीदरलैंड में नौकरी करता है। लड़का यहां अपने माता-पिता के पास आया है।