April 25, 2024

उज्जैन। 2 दिनों से बढ़ रही कोरोना पॉजिटिव दर बुधवार को कुछ कम हुई है। 22 लोग स्वस्थ होकर होम आइसोलेशन से बाहर आए। 107 नए मरीजों के संक्रमित होने से एक्टिव मरीजों की संख्या 709 हो गई है। पिछले 1 सप्ताह से लगातार जिले में कोरोना संक्रमण की पॉजिटिव दर बढ़ रही थी जो बुधवार को कुछ कम हुई है। देर रात 12 बजे जारी हुए हेल्थ बुलेटिन में पॉजिटिव दर 5.61 प्रतिशत रही। मंगलवार को 8.10 प्रतिशत की पॉजिटिव होना सामने आई थी। देर रात स्वास्थ्य विभाग को 1905 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई थी जिसमें 107 लोग संक्रमित होना पाए गए हैं। जिसमें शहर के 104, नागदा 2 और बडऩगर का एक संक्रमित शामिल है। एक्टिव मरीजों की संख्या 709 हो चुकी है। जिसमें से 694 लोगों का होम आइसोलेशन में उपचार चल रहा है। 15 लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। जिसमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। कोरोना नोडल प्रभारी डॉ. रौनक एलची के अनुसार देर रात जहां संक्रमण की दर कम हुई है वहीं 22 लोग स्वस्थ होकर होम आइसोलेशन से बाहर भी आ गए हैं। तीसरी लहर में अब तक मिले संक्रमितों में 98 प्रतिशत लोगों को कोरोना वैक्सीन लग चुकी है।
इंदौर में 1104 पॉजिटिव
आर्थिक राजधानी माने जाने वाले इंदौर में संक्रमण की दर कम नहीं हो रही है। यहां लगातार पॉजिटिव मरीज सामने आ रहे हैं। बुधवार को 1104 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। 608 सैंपल रिपीट हुए हैं। स्वास्थ विभाग ने 8903 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। जिसमें 14 रिजेक्ट हुए हैं। प्रतिदिन बढ़ रही संक्रमण दर को देखते हुए गाइडलाइन का पालन सख्ती के साथ कराना शुरू कर दिया गया है।