April 20, 2024

उज्जैन। सांदीपनी आश्रम के सामने युवक पर प्राणघातक हमला करने के बाद पुलिस को पकडऩे की चुनौती देने वाला बदमाश डोरेमोन शुक्रवार को जेल की सलाखों में पहुंच गया। 9 दिन से उसकी पुलिस को तलाश थी, 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था। हमले में शामिल उसका साथी भी पकड़ा गया है।
29 दिसंबर की रात पुरानी रंजीश के चलते बदमाश डोरेमोन उर्फ कुणाल पिता विनोद विनोद बिलोदिया 19 वर्ष ने अपने साथी विनय पिता विष्णु गिरी गोस्वामी 20 वर्ष के साथ मिलकर हेलावाड़ी के रहने वाले सरफराज पिता मुजफ्फर पर सांदीपनी आश्रम के सामने चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया था। जीवाजीगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरु की थी। लेकिन बदमाश ने सोशल मीडिया पर पुलिस को पकडऩे की चुनौती दे डाली। डोरेमोन की गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया और सरगर्मी से तलाश शुरु की गई। कई जगह दबिश दी गई, जिसके चलते डोरेमोन को लगा कि अब पुलिस से नहीं बच पायेगा। उसने हमले में शामिल साथी के साथ कोर्ट में सरेंडर करने की योजना बनाई। शनिवार को वह पेश होने वाला था। जिसके चलते शुक्रवार को तेज बारिश के बीच दोनों बाइक से शहर में आये। सरगर्मी से तलाश कर रही पुलिस टीम को जानकारी लगी तो उसकी धरपकड़ के लिये घेराबंदी की गई। पता चला कि भैरवगढ़ की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने पीछा किया, बगलामुखी माता मंदिर के पास उन्हेें घेर लिया गया। दोनों ने बाइक छोड़कर पैदल कच्चे रास्ते पर भागने का प्रयास किया, पत्थर होने की वजह से दोनों गिर कर घायल हो गये। दोनों को हिरासत में लिया गया और उपचार के लिये जिला अस्पताल लाया गया। शनिवार को खुलासा करने के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।