April 20, 2024

उज्जैन। शुक्रवार को दिन के तापमान में हुई 2 डिग्री की बढ़ोतरी के बाद रात 8 बजे मौसम पूरी तरह से बदल गया। आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। ग्रामीण क्षेत्र में तेज हवा के साथ ओले गिरे। मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया था। ठंडक महसूस की जाने लगी थी। तभी रात 11.15 मिनिट पर फिर तेज बारिश शुरु हो गई। पश्चिमी विक्षोभ के चलते 2 दिनों से आसमान में बादल छाये हुए थे। मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था। इस बीच गुरुवार शाम को हल्की बारिश के बाद रात में गरज के तेज पानी गिरा। सुबह जीवाजीराव वेधशाला ने रात में हुई बारिश का आंकड़ा 3.4 मिमी. होना बताया। शुक्रवार को दिन में कुछ मौसम साफ हुआ और तापमान में वृद्धि हो गई। अधिकतम तापमान गुरुवार के मुकाबले 2 डिग्री बढ़कर 24 दर्ज किया गया है। लेकि रात 8 बजे बाद अचानक मौसम ने मिजाज बदल लिया। ठंडी हवा चलने लगी और कुछ देर बाद झमाझम बारिश शुरु हो गई। करीब आधे घंटे की बारिश के बाद शहर पूरी तरह से तरबतर हो गया। जगह-जगह पानी भरा नजर आने लगा। हवा की रफ्तार 12 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे की हो चुकी थी। 9 बजे बाद मौसम में ठंडक महसूस की जाने लगी थी। बारिश थमने के बाद सड़कों पर सन्नाटा दिखाई देने लगा था। तभी देर रात फिर से झमाझम का दौर शुरु हो गया। इस बार शहर के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि का नजारा दिखाई दिया। सड़कों पर रात गुजारने वालों की मुसीबत खड़ी हो गई थी। रैन बसरों में जगह नहीं मिल पा रही थी। मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ होते ही ठंड बढ़ जाएगी।