April 24, 2024

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली। मशहूर हेयर ड्रेसर जावेद हबीब को एक महिला के बालों में थूकना महंगा पड़ा है। हेयर स्टाइलिस्ट के खिलाफ मामले में मुजफ्फरनगर में केस दर्ज हुआ है। जावेद ने एक सेमिनार में महिला के बालों में थूका था। इसका वीडियो वायरल हो गया था। महिला ब्यूटिशियन की शिकायत पर मंसूरपुर थाने में मामला दर्ज हुआ है। यह मुकदमा महामारी अधिनियम संबंधी धाराओं में दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो में जावेद हबीब महिला को बता रहे हैं कि बाल गंदे हैं। इसके बाद वो महिला के बालों में कंघी करते हुए बोलते हैं कि अगर बालों में पानी की कमी है तो…। इतने में वो महिला के बालों पर थूकते हैं और कहते हैं कि थूक में जान है। बड़ौत में रहने वाली पूजा गुप्ता ने बाद में इसका विरोध किया। इसकी शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की। पूजा एक ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। वह पति के साथ किंग विला होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंची थीं। यहीं पर जावेद ने उनके बालों में थूका था। यह भी कहा था कि पार्लर में पानी न हो तो थूक से काम चला सकते हैं।