April 20, 2024

उज्जैन। मालवा क्षेत्र में मावठे की बारिश के बाद अब कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे शहर में आधे घंटे तक मध्यम बरसात हुई। बर्फ सा ठंडा पानी बरसा, ग्रामीण इलाको में कुछ जगहों पर हल्के ओले गिरने की भी जानकारी सामने आई। गुरूवार और शुक्रवार के बीच ही 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
गुरूवार देर रात से ही गहरे बादलों का जमावड़ा होने लगा था, रात में भी हल्की बूंदा-बांदी हुई। सुबह 8 बजे से मध्यम बरसात शुरू हो गई। शुक्रवार सुबह का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आद्रता का प्रतिशत 89 दर्ज किया गया। जीवाजीराव वैधशाला के अधीक्षक
राजेंद्र गुप्त के अनुसार ईरान, अफगानिस्तान, पाकिस्तान के जरिए पश्चिमी विक्षोभ ने उत्तर भारत में होते हुए मालवा क्षेत्र में प्रवेश किया है। विक्षोभ की वजह से ही बारिश हो रही है। गुप्ता के अनुसार शनिवार तक बादल छंट जाएंगे। इसके बाद तेजी से रात के तापमान में गिरावट आने लगेगी।