April 23, 2024

भोपाल में 192; उज्जैन में 35,शिवपुरी SP संक्रमित,

इंदौर। मध्य प्रदेश में 24 घंटे में कोरोना के 1033 केस मिले हैं। प्रदेश में हॉटस्पॉट बन चुके इंदौर में कोरोना महाविस्फोट हुआ है। एक दिन में 512 नए केस आए हैं। साढ़े सात महीने पहले 27 मई को 527 मरीज मिले थे। भोपाल में 192 केस मिले हैं। भोपाल में 10-10 डॉक्टर पॉजिटिव आए हैं। शिवपुरी में SP राजेश चंदेल और मेडिकल कॉलेज की महिला डॉक्टर पॉजिटिव आए हैं। जबलपुर में 70 केस आए हैं।
राज्य सरकार ने कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। 49 दिन बाद फिर कुछ पाबंदियां लागू कर दी गई हैं। दोपहर में अफसरों के साथ हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह से मास्क के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का और कड़ाई से पालन करवाने को कहा है।
होशंगाबाद में 6 संक्रमित मिले। इनमें एक 15 साल का टीनएजर भी है। 5 संक्रमितों में 3 की उम्र 24 से 26 साल है। 2 लोग 57 साल के हैं।
उज्जैन में 35 मरीज आए हैं। इनमें दो साल की दो बच्चियां भी कोविड पॉजिटिव आई हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 92 पर पहुंच गई है। 8 दिसंबर से अब तक 106 मरीज कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। रतलाम में 14 पॉजिटिव आए हैं। इनमें 6 साल का बच्चा तो 15 और 17 साल के टीनएजर्स भी हैं। डर इस बात का है कि शहर के अलावा ग्रामीण इलाके जावना पिपलोदा में भी मरीज मिले हैं।
सरकार ने कुछ पाबंदियां लगाईं
गृह विभाग की बुधवार को जारी गाइडलाइन में प्रदेश में मेलों पर रोक लगा दी गई है। शादी, ब्याह में दोनों पक्षों की संख्या मिलाकर 250 तक सीमित कर दी गई है। अंत्येष्टि में भी 50 लोग ही जा पाएंगे। कर्फ्यू रात 11 बजे से तड़के 5 बजे तक ही रखा गया है।

ये रहेंगे प्रतिबंध

स्कूल: छात्र-छात्राओं की 50 प्रतिशत उपस्थिति रहेगी।
मेले: प्रदेश के सभी जिलों में जहां भी मेलों का आयोजन होता है, जिनमें भीड़ इकट्‌ठा होती है, प्रतिबंधित रहेंगे।
विवाह: दोनों पक्षों के मिलाकर अधिकतम 250 लोगों की अनुमति रहेगी। आयोजन के दौरान मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजर अनिवार्य होगा।
अंत्येष्टि: अंतिम संस्कार/ उठावना में अधिकतम 50 लोगों को ही शामिल होने की अनुमति रहेगी। मास्क एवं सोशल डिस्टेंसिंग अनिवार्य होगा।