April 25, 2024

भोपाल। मध्य प्रदेश में नरसिंहपुर पुलिस ने मंगलवार को भागवत कथावाचक तरुण मुरारी बापू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक तरुण मुरारी बापू पर एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के अपमान का आरोप है। आरोप है कि तरुण मुरारी बापू हाल ही में महात्मा गांधी के अपमान के सिलसिले में गिरफ्तार कालीचरण महाराज का समर्थन कर रहे थे। उन्होंने कहाकि एक व्यक्ति जिसने देश का बंटवारा कर दिया, वह राष्ट्रपिता कैसे हो सकता है? वह न तो राष्ट्रपिता हो सकता है और न ही महात्मा। वह एक देशद्रोही था। तरुण मुरारी बापू ने यह बातें रविवार को एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान कहीं।

कांग्रेस नेता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
नरसिंहपुर जिले की स्टेशनगंज थाने में मुरारी बापू के खिलाफ लोगों को भड़काने और शांति भंग जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सब इंस्पेक्टर विजय सेन के मुताबिक यह मुकदमा यूथ कांग्रेस के नेता रोहित पटेल की शिकायत पर दर्ज किया गया है। वहीं रोहित पटेल ने एसपी विपुल श्रीवास्तव को तरुण मुरारी की गिरफ्तारी के लिए ज्ञापन भी दिया है। पटेल के मुताबिक तरुण मुरारी ने लोगों को गुमराह किया है। इसके लिए पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने कहाकि तरुण मुरारी की बातों ने हमारी भावनाओं को आहत किया है। तरुण मुरारी ने देश के सबसे सम्मानित व्यक्ति का अपमान किया है। इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

पुलिस जुटा रही है जानकारी
पुलिस कप्तान विपुल श्रीवास्तव ने कहाकि पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। हम आयोजकों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिस जल्द ही तरुण मुरारी को गिरफ्तार करेगी। इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहाकि प्रशासन को संतों के प्रति नरम रवैया अपनाना चाहिए। हालांकि उन्होंने कहाकि संतों को भी सही शब्दों का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने संतों के खिलाफ पुलिस के इस तरह के इस्तेमाल को गलत बताया। उन्होंने कहाकि एक तरफ राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेता टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करते हैं। वहीं जब एक संत अपने दिल की भावनाएं बयां कर रहा है तो क्या उसे बोलने का अधिकार नहीं? अलग-अलग लोगों के लिए अलग स्टैंडर्ड कांग्रेस नेताओं का राजनीतिक ढंग है।