April 19, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। 24 घंटे में सबसे ज्यादा 137 नए संक्रमित इंदौर में ही मिले हैं। यहां 1 मरीज की मौत भी हो गई है। दिसंबर में भी दो मौतें हो चुकी हैं। संक्रमण दर बढ़कर 1.85 हो गई है। नए संक्रमितों में 69 भोपाल के हैं। दतिया कलेक्टर संजय कुमार, उनकी पत्नी और परिवार के दो अन्य सदस्य भी पॉजिटिव हो गए हैं। कलेक्टर की बेटी दो दिन पहले ही दिल्ली से लौटी थी।
25 संक्रमित ग्वालियर में मिले हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पीए पाराशर और उनके बेटे पॉजिटिव आए हैं। नीदरलैंड में नौकरी करने वाले 42 साल का शख्स, पत्नी और 6 साल का बेटा संक्रमित मिले हैं। ये लोग 16 दिसंबर को ग्वालियर आए थे। वापस जाने के लिए उन्होंने अपना सैंपल दिया तो रिपोर्ट में तीनों संक्रमित पाए गए। जनकगंज डिस्पेंसरी के वरिष्ठ चिकित्सक को खांसी, जुकाम और बुखार था। उन्होंने जांच कराई, तो वह भी संक्रमित निकले। बीमार होने से पहले वह अस्पताल में मरीज देख रहे थे। डॉक्टर कोरोना की दूसरी लहर में भी संक्रमित हुए थे। जिला अस्पताल मुरार में पदस्थ 39 साल का कर्मचारी भी संक्रमित निकला है।
उज्जैन में 9 केस मिले हैं। चरक हॉस्पिटल की महिला डॉक्टर संक्रमित मिली हैं। एक संक्रमित नोएडा से लौटा है। शारजाह से मुंबई और फिर उज्जैन आए शख्स भी पॉजिटिव निकले हैं।
खंडवा में 4 केस आए हैं। संक्रमितों में 2 टीचर तो 5 और 6 साल के 2 बच्चे हैं। बच्चे नवकार नगर के हैं। परिवार के सदस्य पहले से संक्रमित हैं। प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने वाले एक टीचर अमन नगर तो दूसरे आनंद नगर से हैं।

इंदौर-भोपाल में परिवारों में कोरोना

इंदौर और भोपाल में परिवारों पर कोरोना टूट पड़ा है। दोनों शहरों में अब तक 286 में से 66 केस 16 परिवारों से आए हैं। इंदौर में नौ परिवारों के 39 लोग शामिल हैं। भोपाल के 7 परिवारों से 27 संक्रमित हैं। इसमें पति, पत्नी और बच्चे भी हैं।

इंदौर में बढ़ सकती हैं पाबंदियां

इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने सोमवार को कहा, कोरोना के केस जिस रफ्तार से बढ़ रहे हैं, वह खतरनाक है। हम और प्रतिबंध लगाएंगे। शादियों में गेस्ट की संख्या सीमित करेंगे। बड़े कार्यक्रम कोई न कराएं। कोरोना के डेल्टा वैरिएंट लगातार मिलने के साथ ओमिक्रॉन भी तेजी से फैल रहा है। तबाही मचाने वाली दूसरी लहर डेल्टा ही लाया था। इस जानलेवा वैरिएंट के पेशेंट लगातार मिल रहे हैं।