April 26, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। महू के किशनगंज थाने में मूकबधिर नाबालिग दलित लड़की के बलात्कार का मामला किशनगंज थाने में दर्ज हुआ है। पीड़ित लड़की व उसकी मां दोनों ही मूकबधिर हैं।
घटना महू के ग्राम भगोरा की है। लड़की दलित समाज की है। दरअसल, लड़की की तबीयत खराब होने पर आशा कार्यकर्ता ने 5 माह का गर्भ की की पुष्टि की है।
बताया जा रहा है कि अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार एवं युवा प्रदेश अध्यक्ष संजय सोलंकी अपने कार्यकर्ताओं के साथ किशनगंज थाने पहुचे। किशनगंज थाने पर बलाई समाज के लोगों द्धारा हंगामा करने पर पुलिस सक्रिय हुई।
पुलिस लड़की के बयान दर्ज कर गांव के दबंगों को पकड़ने ग्राम भगोरा पहुंची और 2 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में भी आ गए, जबकि 3 आरोपी फरार हैं। गौरतलब है कि लड़की के पिता भी नहीं हैं। परिवार में केवल दो भाई जो मजदूरी कर मां बहन का भरण पोषण करते हैं। रेप का मामला उजागर होने के बाद ग्राम भगोरा के बलाई समाज में रोष है। किशनगंज थाना प्रभारी अरुण सोलंकी ने लड़की का बयान लेकर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

साक्ष्य छुपाने वालों पर भी हो एफआईआर

बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार का कहना है कि आशा कार्यकर्ता एक आरोपी की बहन है। उन्होंने साक्ष्य छुपाने की कोशिश की। कुछ अन्य लोग भी हैं, जिन्होंने साक्ष्य छुपाए हैं। हम पुलिस से मांग करेंगे कि इनके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया जाए। पीड़ित बालिका मूकबधिर है, इसलिए आरोपियों के नाम इशारों में बता रही है। पीड़िता का भाई उन इशारों को समझ कर बताता रहा और तब जाकर एफआईआर दर्ज हो सकी। इस तरह सिर्फ एफआईआर दर्ज करने में ही 2 से 3 घंटे लग गए।