April 19, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। राऊ इलाके में रहने वाले नाबालिग भाई-बहन घर से कल लापता हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने सिर्फ दो घंटे में ढूंढ निकाला। बहन की उम्र करीब 12 वर्ष और भाई की उम्र 2 वर्ष है। दोनों घर के बाहर खेल रहे थे। जब परिजन को दोनों बच्चे नहीं मिले तो उन्होंने तलाश शूरू की। काफी प्रयास के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने राऊ पुलिस को इसकी जानकारी दी। नाबालिग बच्चों की गुमशुदगी का मामला होने पर पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी राऊ नरेंद्र रघुवंशी ने तुरंत एक टीम बनाई, इसमें एफआरबी और महिला डेस्क की टीम भी शामिल की गई।
करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी बच्चों की फोटो लेकर तलाश में निकले। बच्चों के लापता होने की जानकारी सोशल मीडिया पर भी वायरल की गई। घर के आसपास पुलिस में फोटो दिखाकर बच्चों के बारे में जानकारी लेना शुरू किया। आसपास सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी देखे गए। लोगों से बच्चों के बारे में पुलिस को जानकारी मिलती गई। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद पता चला कि बहन उसके भाई को लेकर उसकी सहेली के घऱ चली गई थी। अपह्रता की सहेली के घऱ से दोनो बच्चों को राऊ थाने लाया गया। उनके मिलने की जानकारी परिवार को दी गई तो वे थाने पहुंचे। परिजन दोनों बच्चों को देख कर रोने लगे। उन्हें गले लगा कर प्यार और दुलार किया। बच्चों के सुरक्षित मिलने से उनके परिजन काफी खुश थे। परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्यवाही सराहना करते हुए पूरी टीम को धन्यवाद दिया गया।